तिरंगे की शान में सराबोर हुआ बिलासपुर, निकली भव्य तिरंगा यात्रा

बिलासपुर में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत शुक्रवार को बिलासपुर देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया. जिला प्रशासन एवं नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में मिनी स्टेडियम से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई. हजारों की संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं और आम नागरिकों ने उत्साह के साथ यात्रा में हिस्सा लिया. 100 मीटर लंबे विशाल तिरंगे को हाथों में थामे लोग शहर की सड़कों पर निकले तो पूरा माहौल वंदे मातरम्, भारत माता की जय और देशभक्ति गीतों से गूंज उठा. देशभक्ति गीतों की धुन पर युवा और शहरवासी झूमते नजर आए. मिनी स्टेडियम से शुरू हुई यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए रिवरव्यू पहुंची, जहां इसका समापन हुआ. रास्तेभर नागरिकों ने तिरंगा यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया.

100 मीटर तिरंगे के साथ दिखा देशभक्ति का जुनून

तिरंगा यात्रा में छात्र-छात्राओं और नागरिकों ने 100 मीटर लंबे विशाल तिरंगे को थामकर देश के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं. शान से लहराते तिरंगे और देशभक्ति नारों से शहर का माहौल पूरी तरह राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत रहा. बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया.
अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक हुए शामिल
तिरंगा यात्रा में संभागायुक्त सुनील जैन, आईजी रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल, निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, युवा और आम नागरिक शामिल हुए.

कलेक्टर बोले- आजादी के महत्व को समझें, राष्ट्र निर्माण में दें योगदान

समापन अवसर पर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि देश की आजादी हजारों स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है. हमें आजादी के महत्व को समझने के साथ उन वीरों की कुर्बानियों को सदैव याद रखना चाहिए. उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में हर व्यक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है. हम जिस भी क्षेत्र में काम कर रहे हैं, वहां पूरी ईमानदारी, निष्ठा और अपनी क्षमता का सत-प्रतिशत देकर देश की प्रगति में योगदान दे सकते हैं. कलेक्टर ने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने और देश को आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लेने का आह्वान किया.

तिरंगा यात्रा के बीच एंबुलेंस फंसी, कलेक्टर ने खुद संभाला मोर्चा

तिरंगा यात्रा के दौरान सिम्स चौक के पास मिसान अस्पताल रोड पर ट्रैफिक जाम में एक एंबुलेंस फंस गई. इसी दौरान कलेक्टर संजय अग्रवाल की नजर एंबुलेंस पर पड़ी. मरीज की स्थिति को देखते हुए उन्होंने तत्काल स्वयं आगे बढ़कर ट्रैफिक व्यवस्था संभाली और जाम को क्लियर करवाकर एंबुलेंस के लिए रास्ता बनवाया. कलेक्टर की तत्परता से एंबुलेंस को तत्काल मार्ग मिला और वह अपने गंतव्य की ओर रवाना हो सकी. मौके पर मौजूद लोगों ने कलेक्टर की इस संवेदनशील पहल की सराहना की.

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ