हर घर तिरंगा अभियान के तहत एसईसीएल मुख्यालय में निकली भव्य तिरंगा रैली

बिलासपुर: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से हर घर तिरंगा अभियान के तहत एसईसीएल मुख्यालय स्थित वसंत विहार कॉलोनी में शुक्रवार को भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया. हाथों में तिरंगा थामे बड़ी संख्या में एसईसीएल के अधिकारी और कर्मचारी रैली में शामिल हुए. देशभक्ति के नारों और उत्साह से पूरा वसंत विहार परिसर गूंज उठा. रैली के माध्यम से राष्ट्रध्वज के सम्मान, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के साथ नागरिकों को अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया.
वरिष्ठ अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना

तिरंगा रैली को एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री हरीश दुहन, निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (मानव संसाधन) श्री बिरंची दास, मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री हिमांशु जैन तथा निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) श्री रमेश चन्द्र महापात्र ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस दौरान एसईसीएल के वरिष्ठ अधिकारी स्वयं भी रैली में शामिल हुए और अधिकारियों-कर्मचारियों का उत्साह बढ़ाया.

डीएवी स्कूल से शुरू हुई रैली, रवीन्द्र भवन में हुआ समापन

तिरंगा रैली की शुरुआत एसईसीएल डीएवी पब्लिक स्कूल, वसंत विहार से हुई. रैली विभिन्न मार्गों से होते हुए रवीन्द्र भवन, वसंत विहार पहुंची, जहां इसका समापन हुआ. पूरे रास्ते प्रतिभागी हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ते रहे. रैली के दौरान पूरे परिसर में उत्साह और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला.
हर घर तिरंगा-हर दिल तिरंगा’ का लिया संकल्प

कार्यक्रम में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों ने ‘हर घर तिरंगा-हर दिल तिरंगा’ के संकल्प को दोहराया. सभी ने राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, देश के प्रति गौरव और समर्पण की भावना व्यक्त की. रैली ने एसईसीएल परिसर में राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत किया तथा स्वतंत्रता दिवस के प्रति लोगों में उत्साह का संचार किया.


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ