एनटीपीसी सीपत में देशभक्ति के उत्साह के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस


बिलासपुर: एनटीपीसी सीपत में 15 अगस्त 2026 को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया. नगर परिसर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर खेल परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन के बाद मुख्य अतिथि एवं परियोजना प्रमुख स्वपन कुमार मंडल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. इसके बाद उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया. समारोह में सीआईएसएफ, डीजीआर एवं बाल भारती पब्लिक स्कूल के परेड दल ने शानदार मार्चपास्ट प्रस्तुत किया, जिसका मुख्य अतिथि ने निरीक्षण किया. कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, उत्कृष्ट कर्मचारियों के सम्मान और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान किए जाने से समारोह और भी खास बन गया.
एनटीपीसी देश के विकास में निभा रहा अग्रणी भूमिका

अपने संबोधन में परियोजना प्रमुख श्री स्वपन कुमार मंडल ने कहा कि एनटीपीसी वर्ष 1975 से देश की विकास यात्रा में निरंतर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है. उन्होंने बताया कि भारत की सबसे बड़ी विद्युत उत्पादन कंपनी एनटीपीसी देशभर में लगभग 116 स्टेशनों के माध्यम से 91 हजार मेगावाट से अधिक की विद्युत उत्पादन क्षमता के साथ राष्ट्र की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में योगदान दे रही है.

एनटीपीसी सीपत ने किया 21,500 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन

मंडल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में स्थित एनटीपीसी के सभी विद्युत संयंत्रों में एनटीपीसी सीपत सर्वाधिक क्षमता वाला संयंत्र है. विद्युत उत्पादन के साथ-साथ परियोजना विभिन्न सामाजिक एवं अन्य क्षेत्रों में भी उल्लेखनीय कार्य कर रही है. उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में एनटीपीसी सीपत ने करीब 21,500 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन किया.

बच्चों की देशभक्ति से भरी प्रस्तुतियों ने बांधा समां

समारोह में बाल भारती पब्लिक स्कूल, बाल भवन, टाइनी ब्लॉसम प्ले स्कूल एवं दिशा केंद्र के बच्चों ने देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किए. नन्हे कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर में उत्साह और देशभक्ति का माहौल बना दिया. उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ बच्चों का उत्साहवर्धन किया.

उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों का हुआ सम्मान

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया गया. इनमें महाप्रबंधक योग्यता प्रमाण पत्र, पावर एक्सेल अवार्ड, एम्प्लॉई ऑफ द ईयर, मानवीयता पुरस्कार, बेस्ट स्टूडेंट अवार्ड और हेल्थ चैंपियन अवार्ड शामिल रहे. मेधा प्रतियोगिता में जूनियर श्रेणी में नेशनल चैंपियनशिप और सीनियर श्रेणी में क्षेत्रीय स्तर पर प्रतिभागिता करने वालों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए. इसके अलावा सीआईएसएफ एवं आईसीएच के कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया.

50 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मिली उत्कर्ष छात्रवृत्ति

एनटीपीसी सीपत ने परियोजना प्रभावित गांवों के विद्यालयों में अध्ययनरत 50 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को नैगम सामाजिक दायित्व के तहत ‘उत्कर्ष छात्रवृत्ति’ प्रदान की. छात्रवृत्ति पाने वाले विद्यार्थियों में स्वामी आत्मानंद विद्यालय पंधी एवं सीपत, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय सीपत, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जांजी, गतौरा एवं दर्राभाटा, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीपत तथा शासकीय हाईस्कूल रांक एवं कौड़िया के विद्यार्थी शामिल रहे.

डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) श्री सुरोजीत सिन्हा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने माल्यार्पण किया. इस दौरान राष्ट्र निर्माण में डॉ. अंबेडकर के योगदान को स्मरण किया गया.

ऊर्जा भवन के सामने 100 फीट ऊंचे तिरंगे का लोकार्पण

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एनटीपीसी सीपत के प्रशासनिक भवन ‘ऊर्जा भवन’ के समक्ष 100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज ‘तिरंगा’ का लोकार्पण भी किया गया. इसके साथ ही श्री सुरोजीत सिन्हा ने सर्विस बिल्डिंग स्टेज-1 में ध्वजारोहण कर उपस्थित कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं.

बाल भवन और टाइनी ब्लॉसम में भी मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

संगवारी महिला समिति द्वारा संचालित बाल भवन एवं टाइनी ब्लॉसम प्ले स्कूल में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया. संगवारी महिला समिति की अध्यक्षा श्रीमती शिखा मंडल ने वरिष्ठ सदस्याओं की उपस्थिति में बाल भवन में ध्वजारोहण किया.

बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी और नगरवासी रहे मौजूद

समारोह में संगवारी महिला समिति की वरिष्ठ सदस्याएं, श्री कपिल सुधाकर कामडी, डिप्टी कमांडेंट सीआईएसएफ, श्री शलभ निगम, प्राचार्य बाल भारती पब्लिक स्कूल, यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारी, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, सीआईएसएफ जवान तथा उज्ज्वल नगरवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ