एनटीपीसी सीपत में गांधी जयंती पर सफाई मित्रों का सम्मान, 300 से अधिक संविदा श्रमिकों ने खेलकूद महोत्सव में लिया हिस्सा

बिलासपुर: एनटीपीसी सीपत में 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में गांधी और शास्त्री के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई और स्वच्छता की शपथ दिलाई गई. इस दौरान स्वच्छता के क्षेत्र में योगदान देने वाले सफाई मित्रों का सम्मान किया गया. वहीं, संविदा श्रमिकों की सहभागिता, टीम भावना और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने के लिए खेलकूद महोत्सव-2026 का आयोजन किया गया, जिसमें 300 से अधिक संविदा श्रमिकों ने हिस्सा लिया.


गांधी और शास्त्री के आदर्शों पर चलने का आह्वान

गांधी जयंती कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों और सहयोगी एजेंसियों के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए महाप्रबंधक (इंजीनियरिंग) विकास खरे ने सभी से महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को अपनाने की अपील की. उन्होंने ‘स्वच्छता में सहभागिता, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ थीम पर आधारित स्वच्छता पखवाड़े के महत्व को रेखांकित किया.

300 से अधिक संविदा श्रमिकों ने खेलकूद में लिया हिस्सा

बाबासाहब डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में संविदा कर्मियों के लिए खेलकूद महोत्सव-2026 का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन विकास खरे ने किया. इस दौरान किक द बॉल, हिट द स्टंप, गोला फेंक, होल्ड द ब्रिक्स, बैक रेस समेत करीब 15 खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं. इनमें 300 से अधिक संविदा श्रमिकों ने उत्साह के साथ भाग लिया.


टीम भावना और भाईचारे को बढ़ावा देने की पहल

एनटीपीसी सीपत प्रबंधन के अनुसार, खेलकूद महोत्सव का उद्देश्य संविदा श्रमिकों के योगदान को सम्मान देना और उनके बीच आपसी सहभागिता, टीम भावना तथा भाईचारे को मजबूत करना था. प्रतिभागियों ने भी आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियों से सभी के बीच बेहतर समन्वय और साथ मिलकर काम करने की भावना मजबूत होती है.

विजेताओं को पुरस्कार देकर किया सम्मानित

खेल प्रतियोगिताओं के समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया. विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता रहे प्रतिभागियों को मुख्य अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए. आयोजन में यूनियन, एसोसिएशन और स्पोर्ट्स काउंसिल का भी सहयोग रहा.

सफाई मित्रों को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मान

गांधी जयंती समारोह के दौरान ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम के तहत सफाई मित्रों का सम्मान किया गया. महाप्रबंधकगण, विभागाध्यक्ष और वरिष्ठ अधिकारियों ने सफाई मित्रों को प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वच्छता कार्यों में उनके योगदान की सराहना की. कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता के लिए जनभागीदारी और जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया.

अधिकारियों और कर्मचारियों ने लिया स्वच्छता का संकल्प

कार्यक्रम में मेंटिनेंस के महाप्रबंधक लिंगम वेंकट रेड्डी, मानव संसाधन प्रमुख भक्त बत्सल पात्रा, अन्य वरिष्ठ अधिकारी, यूनियन एवं एसोसिएशन के सदस्य और सफाई मित्र बड़ी संख्या में शामिल हुए. सभी ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके देशहितकारी संदेशों को अपनाने और स्वच्छता के प्रति निरंतर योगदान देने का संकल्प लिया.

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ