मल्हार नवोदय विद्यालय में छात्र हर्षित की मौत: जिलाध्यक्ष अमित यादव पहुंचे बेलगहना, परिजनों को दिलाया न्याय का भरोसा


बिलासपुर जिले में 15 वर्षीय छात्र हर्षित यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से यादव समाज में गहरा आक्रोश है. इलाज में लापरवाही के आरोपों के बीच समाज संगठनों ने न्याय की मांग तेज कर दी है. इसी कड़ी में युवा यादव समाज के जिलाध्यक्ष अमित यादव ने बेलगहना पहुंचकर परिवार से मुलाकात की और शासन-प्रशासन से न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया. परिजनों का कहना है कि अब तक स्कूल प्रशासन से लेकर सरकारी तंत्र तक किसी ने सुध नहीं ली, जिससे उनका गुस्सा और बढ़ गया है.

जिलाध्यक्ष अमित यादव पहुंचे बेलगहना

युवा यादव समाज बिलासपुर के जिलाध्यक्ष अमित यादव सोमवार को स्वर्गीय हर्षित यादव के गृह ग्राम बेलगहना पहुंचे. उन्होंने परिवार से विस्तार से बातचीत की और घटना की जानकारी जुटाई.

परिवार ने लगाया स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप

परिजनों ने बताया कि मल्हार स्थित नवोदय विद्यालय में पढ़ने वाले 15 वर्षीय हर्षित की तबीयत खराब होने पर स्कूल ने न तो समय पर इलाज करवाया और न ही परिवार को सूचना दी. इलाज में देरी के कारण हर्षित की मौत हो गई. परिवार विद्यालय प्रबंधन को सीधे तौर पर जिम्मेदार मान रहा है.

समाज ने कहा—अब तक नहीं मिली कोई मदद

अमित यादव ने जानकारी दी कि घटना के बाद न स्कूल प्रशासन ने संपर्क किया और न ही शासन-प्रशासन ने परिवार की कोई सहायता की है. उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि समाज इस मामले को लेकर चुप नहीं बैठेगा.

कलेक्टर को सौंपेंगे ज्ञापन

अमित यादव ने बताया कि वे सोमवार को प्रतिनिधिमंडल के साथ बिलासपुर कलेक्टर से मिलकर उचित कार्रवाई व न्याय की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपेंगे. उन्होंने कहा कि दोषियों पर कार्रवाई और परिवार को उचित मुआवजा दिलाना प्राथमिकता है.

समाज के कई पदाधिकारी रहे मौजूद

मुलाकात के दौरान अनिल यादव (अध्यक्ष, युवा अखिल भारतीय यादव समाज), धनंजय यादव, सुजीत यादव, चमन यादव, संजय यादव (अध्यक्ष, यादव समाज सिरगिट्टी) सहित समाज के लोग उपस्थित रहे.

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ